मकर संक्रांति पर हिन्दू महासभा ने सुंदर कांड पाठ आयोजित कर हिन्दू राष्ट्र निर्माण का संकल्प लिया – बी एन तिवारी

By- 16/ जनवरी/2025
अखिल भारत हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय प्रचार मंत्री सत्येंद्र झा और दिल्ली के पूर्व महामंत्री संजय भदौरिया ने मकर संक्रांति महापर्व पर सुंदर कांड पाठ और हनुमान चालीसा पाठ का धार्मिक आयोजन कर भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी और न्यू जलपाई गुड़ी के सांसद जयंतो कुमार राय मुख्य अतिथि के पद पर धार्मिक आयोजन में शामिल हुए।
हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि भारत स्वाभाविक रूप से हिन्दू राष्ट्र है किंतु संवैधानिक रूप से हिन्दू राष्ट्र घोषित करवाना शेष है। भारत को संवैधानिक रूप से हिन्दू राष्ट्र घोषित करवाने के लिए हिन्दू महासभा तीन साल से राष्ट्रव्यापी अभियान चला रही है। उन्होंने भारत सरकार से संसद में भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने के लिए विधेयक पारित करने की मांग करते हुए धार्मिक आयोजन में उपस्थित प्रतिनिधियों को हिन्दू राष्ट्र निर्माण अभियान तेज करने का संकल्प दिलवाया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने अपने संबोधन में स्वामी चक्रपाणि द्वारा दिल्ली विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को समर्थन का विरोध करते हुए कहा कि हिन्दू महासभा मुस्लिम परस्त और मुफ्तखोरी को बढ़ावा देने वाले किसी भी राजनीतिक दल को समर्थन नहीं दे सकती। उन्होंने दिल्ली के मतदाताओं से भाजपा को वोट देकर जनविरोधी आम आदमी पार्टी को सत्ता से बेदखल करने का आह्वान किया। यह जानकारी हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता बी एन तिवारी ने आज जारी बयान में दी।
बी एन तिवारी ने बताया कि न्यू जलपाई गुड़ी के सांसद जयंतो कुमार राय ने अपने संबोधन में 144 वर्षों के बाद आए प्रयागराज महाकुंभ की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाकुंभ हिन्दू एकता का महापर्व है। गंगा माता में सभी हिंदुजन जाति, पंथ, भाषा और प्रांत का भेद किए बिना एक साथ स्नान कर पुण्य अर्जित कर रहे हैं। यही सनातन संस्कृति की वास्तविक विरासत है, जिसे सहेजना और भावी पीढ़ी तक पहुंचना आज की युवा पीढ़ी का नैतिक दायित्व है।
धार्मिक आयोजन में हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय मंत्री भगवान सिंह भाटी, राष्ट्रीय प्रचार मंत्री सत्येंद्र झा, हिन्दू संत सभा के राष्ट्रीय मंत्री रामानुज तिवारी, महिला नेता बॉबी राय, भारतीय किसान मजदूर संघ के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष भूषण तलवार सहित अनेक वक्ताओं ने अपने संबोधन में हिन्दू राष्ट्र निर्माण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *