
नई दिल्ली, अखिल भारत हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज घोटाला प्रकरण को लेकर जंतर मंतर पहुंचे और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी को ज्ञापन देकर आरोपी प्रशासनिक अधिकारी दिलबाग सिंह को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की।
हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता बी एन तिवारी ने आज जारी बयान में यह जानकारी दी। जारी बयान के अनुसार हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि रामजस कॉलेज के आरोपी अधिकारी दिलबाग सिंह को दाखिला घोटाला में लिप्त पाए जाने पर सस्पेंड कर दिया गया था। तीस हजारी न्यायालय में दाखिला घोटाला प्रकरण का केस आज भी लंबित है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने दिलबाग सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि नियमानुसार दिलबाग सिंह की पुनर्नियुक्ति न्यायिक वाद समाप्त होने और दिलबाग सिंह के न्यायिक वाद में निर्देश सिद्ध होने पर हो सकती थी। दिलबाग सिंह ने सभी नियमों को तोड़कर अपने प्रभाव से रामजस कॉलेज में पुनः नियुक्ति और पदोन्नति प्राप्त कर एक नए भ्रष्टाचार को जन्म दिया।
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रोफेसर यशपाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि हिन्दू महासभा अप्रैल 2024 से भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन चला रही है। विभिन्न अधिकारियों और मंत्रियों को कई बात ज्ञापन देने के बाद भी दिलबाग सिंह के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी कारण हिन्दू महासभा अपना आंदोलन लेकर जंतर मंतर पहुंची है। राष्ट्रीय प्रवक्ता मदन लाल गुप्ता ने कहा कि हिन्दू महासभा मांगें पूरी होने तक अपना आंदोलन जारी रखेगी।

हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय प्रचार मंत्री सत्येंद्र झा, दिल्ली प्रदेश प्रभारी सुरेन्द्र स्वामी, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र सिंह राजू पार्चा, प्रदेश महामंत्री शिवा गोस्वामी, पूर्व प्रदेश महामंत्री संजय भदौरिया, पुलिस विभाग एवं पुलिस परिवार कल्याण संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नन्द किशोर पटवा, सहित अनेक पदाधिकारियों ने संबोधित कर रामजस कॉलेज को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए हिन्दू महासभा का आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपा और दिलबाग सिंह को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की। प्रधानमंत्री कार्यालय से हिन्दू महासभा को दिलबाग सिंह के विरुद्ध समुचित कार्रवाई का आश्वासन मिला है।
