पहलगाम आतंकी हमले पर राष्ट्रपति पुतिन और डोनाल्ड ट्रंप ने जताया दुख, जानें दुनिया के अन्य नेताओं ने क्या कहा

पहलगाम आतंकी हमले पर राष्ट्रपति पुतिन और डोनाल्ड ट्रंप ने जताया दुख, जानें दुनिया के अन्य नेताओं ने क्या कहा
आतंकियों के इस कायराना हमले में 20 लोगों की मौत हुई है जबकि 11 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मरने वाले में 2 विदेशी नागरिक भी शामिल थे।
पहलगाम में आतंकी हमले पर व्लादिमीर पुतिन ने दुख जताया है।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने पर्यटकों पर गोलीबारी की है। आतंकियों के इस कायराना हमले में 20 लोगों की मौत हुई है जबकि 11 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मरने वाले में 2 विदेशी नागरिक भी शामिल थे। इलाके में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह श्रीनगर पहुंच गए हैं। आतंकवादियों ने पर्यटकों के एक ग्रुप को निशाना बनाया था। इस कायराना हमले पर अंतरराष्ट्रीय नेताओं ने भी शोक जताया है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संदेश भेज दुख जताया है।

पुतिन ने जताया दुख
रूस के राष्ट्रपति ने राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी को भेजे अपने संदेश में लिखा, “कृपया पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के दुखद परिणामों पर संवेदनाएं स्वीकार करें, जिसके शिकार विभिन्न देशों के नागरिक थे। इस क्रूर अपराध का कोई औचित्य नहीं है। हम उम्मीद करते हैं कि इसके जिम्मेदारों और अपराधियों को उचित सजा मिलेगी। मैं आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों से लड़ने में भारतीय लोगों के साथ सहयोग बढ़ाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता को दोहराना चाहूंगा। मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी सहानुभूति और समर्थन व्यक्त करता हूं और साथ ही सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहलगाम हमले पर दुख जताया। उन्होंने लिखा, “कश्मीर से बहुत परेशान करने वाली खबर आई है। आतंकवाद के खिलाफ़ भारत के साथ अमेरिका मजबूती से खड़ा है। हम मारे गए लोगों की आत्मा की शांति और घायलों के स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी और भारत के अविश्वसनीय लोगों को हमारा पूरा समर्थन और गहरी संवेदना है। हमारी संवेदनाएं आप सभी के साथ हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *