हिन्दू महासभा ने बलूचिस्तान को स्वतंत्र राष्ट्र का दर्जा देने का राजकीय पत्र जारी करने का भारत सरकार को दिया परामर्श – बी एन तिवारी

न्यूज़ रिपोर्ट ….
नई दिल्ली, अखिल भारत हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने बलूचिस्तान की आजादी का समर्थन करते हुए कहा कि हिन्दू महासभा बलूचिस्तान के स्वतंत्रता संग्राम और उसके सेनानियों का पूर्ण समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आरंभ से ही बलूचिस्तान के संसाधनों का दोहन और वहां के नागरिकों का अमानवीय शोषण और उत्पीड़न कर रही है। बलूचिस्तान का स्वतंत्रता संग्राम बलूचिस्तानियों के अमानवीय शोषण और उत्पीड़न का आक्रोश और गहरा प्रतिकार है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने कहा कि पाकिस्तान पोषित आतंकवाद के विरुद्ध भारत का ऑपरेशन सिंदूर बलूचिस्तान की स्वतंत्रता का सूर्योदय लेकर आया था। विश्व समुदाय को ऑपरेशन सिंदूर ने अहसास करवाया था कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर अखंड भारत में शामिल होने के साथ बलूचिस्तान स्वतंत्र राष्ट्र घोषित होकर रहेगा। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के स्थगन से बलूचिस्तान के स्वतंत्रता संग्राम को गहरा झटका लगा, लेकिन बलूचिस्तान के जांबाज लड़ाकों का पाकिस्तानी सैनिकों पर हमले तेज हो गए हैं। वो दिन दूर नहीं जब बलूचिस्तान स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में विश्व के मानचित्र पर उभरेगा।
हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता बी एन तिवारी ने आज जारी बयान में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हिन्दू महासभा भारत सरकार को बलूचिस्तान को स्वतंत्र राष्ट्र का दर्जा देने का राजकीय पत्र जारी करने का परामर्श देती है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार को ऐसा राजकीय पत्र जारी कर बलूचिस्तान को स्वतंत्र राष्ट्र का दर्जा देने वाला विश्व का पहला देश होने का गौरव हासिल करना चाहिए।
बी एन तिवारी ने कहा कि आने वाले दो तीन वर्षों में पाकिस्तान बलूचिस्तान के अलावा सिंध सहित तीन से चार स्वतंत्र राष्ट्रों में विभक्त हो जाएगा और पाकिस्तान का नाम विश्व के मानचित्र से मिट जाएगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पोषित आतंकवाद ही पाकिस्तान के अंत का कारण बनेगा और पाकिस्तान हमेशा के लिए मिट जाएगा। उन्होंने ऐसे लोगों की भी आलोचना की, जो पाकिस्तान के गिड़गिड़ाने पर ऑपरेशन स्थगन के निर्णय को अमेरिका के दबाव से जोड़कर देखने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व और भारतीय सैन्य शक्ति देखकर अमेरिका भी भारत से डरा हुआ है। अपनी चौधराहट का ताज भारत के हाथों में जाने से बौखलाया अमेरिका अनर्गल प्रलाप कर रहा है और अमेरिका परस्त कुछ भारतीय राजनेता अमेरिका की आड में देश के प्रधानमंत्री और भारत की सेना की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
बी एन तिवारी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर स्थगन से देशवासियों का पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर वापस लेने का 78 वर्ष पुराना स्वप्न एक बार फिर टूट गया। उन्होंने कहा कि भले ही सीमा पर आतंकवाद के विरुद्ध युद्ध जारी है और दुश्मन देश के जेहादियों को जहन्नुम पहुंचाने में भारत की सेना पूरी तरह से सक्रिय है, लेकिन पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर वापस लेने के लिए भारतवासियों को एक और युद्ध की प्रतीक्षा करनी पड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि केवल पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर ही नहीं वरन पूरा पाकिस्तान, बांग्लादेश और मान सरोवर लेकर अखंड भारत का निर्माण हिन्दू महासभा का संकल्प है और यह संकल्प निकट भविष्य में पूरा होकर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *