
अखिल भारत हिन्दू महासभा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र सिंह राजू पार्चा के नेतृत्व में पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी से उनके आवास पर मिला और विभिन्न राष्ट्रवादी मुद्दों पर गहन विचार विमर्श किया। प्रतिनिधि मंडल में हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री केशव चंद्र मल्होत्रा, प्रदेश प्रभारी सुरेन्द्र स्वामी, प्रदेश महामंत्री शिवा गोस्वामी, दिनेश जी सहित अनेक पदाधिकारी शामिल थे। पदाधिकारियों ने मनोज तिवारी को अंगवस्त्र , पुष्पगुच्छ और तलवार देकर सम्मानित करते हुए उन्हें हिन्दू महासभा के शस्त्र एवं शास्त्र वितरण अभियान से अवगत करवाया।
हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता बी एन तिवारी ने आज जारी बयान में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हिन्दू महासभा के प्रतिनिधि मंडल ने सांसद मनोज तिवारी को हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी का हिन्दू राष्ट्र निर्माण का संदेश देते हुए उनसे इस मांग को संसद के पटल पर रखने की मांग की। हिन्दू राष्ट्र निर्माण के अलावा हिन्दू महासभा ने मनोज तिवारी से गौरक्षा पर केंद्रीय कानून बनाने, गौमांस की बिक्री और गौमांस खाने को देशद्रोह का अपराध घोषित करने, गौहत्यारे को फांसी की सजा देने का कानून बनाने और दिल्ली में रह रहे बांग्लादेशी तथा रोहिंग्या घुसपैठियों की पहचान कर उनके देश वापस भेजने की मांग की।
जारी बयान के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र सिंह राजू पार्चा ने सांसद मनोज तिवारी के समक्ष बुराड़ी विधानसभा की नागरिक समस्याओं को रखते हुए उनसे नागरिक समस्याओं का समाधान और नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की। मनोज तिवारी ने हिन्दू महासभा पदाधिकारियों को नागरिक समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
हिन्दू महासभा प्रदेश मंत्री शिवा गोस्वामी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत और रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री बनाए जाने का श्रेय सांसद मनोज तिवारी और उनके परिश्रम को दिया। उन्होंने हिन्दू राष्ट्र निर्माण का मुद्दा संसद में उठाने की मांग करते हुए कहा कि हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में हिन्दू राष्ट्र निर्माण के लिए चार साल से राष्ट्रव्यापी आंदोलन जारी है।